Monday, September 28, 2026

होलकर साइंस कॉलेज में करणी सेना का प्रदर्शन, हंगामा, पुलिस बल तैनात

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। होलकर साइंस कॉलेज में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। कॉलेज  प्रशासन द्वारा गणेश विसर्जन के दिन मारपीट करने वाले 7 छात्रों को सस्पेंड किया था। इसके विरोध में करणी सेना ने  प्रदर्शन किया।


 मामला इतना बढ़ा कि करणी सेना ने कॉलेज के सामने चक्काजाम कर दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब एक घंटा चला चक्काजाम समाप्त हुआ। उधर कॉलेज प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि मारपीट के दोषी छात्रों के खिलाफ कॉलेज की अनुशासन समिति ने निलंबन का निर्णय दिया है और उसे फिलहाल बदला नहीं जाएगा। 

होलकर साइंस कॉलेज में एबीवीपी और करणी सेना से जुड़े छात्रों के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बता दें कि गणेश विसर्जन के दिन छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी.. इसमें दो छात्रों को गंभीर चोटें आईं थी.. जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए 7 छात्रों को निलंबित कर दिया था। इसके अलावा 9 छात्रों के खिलाफ भंवरकुआ थाने में एफआईआर भी हुई। 


कॉलेज प्रबंधन की इस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को करणी सेना ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने छात्रों का निलंबन और एफआईआर वापस लेने की मांग की।

उधर प्रदर्शन से नाराज नजर आईं होलकर कॉलेज की प्राचार्या मेजर डॉ अनामिका जैन ने कहा कि कॉलेज की अनुशासन समिति ने मारपीट करने वाले अपने छात्रों पर कार्रवाई की है। इसमें किसी बाहरी संगठन का हस्तक्षेप उन्हें मंजूर नहीं है। डॉ जैन ने कहा कि निलंबन के नोटिस में स्पष्ट है कि दोषी छात्र कुछ अवधि के लिए सस्पेंड रहेंगे और उनके कॉलेज परिसर में प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा यदि इन छात्रों के आचरण में सुधार नहीं आया तो भविष्य में उन्हें रेस्टीकेट भी किया जा सकता है। 


कॉलेज प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से करणी सेना की चर्चा विफल रही, करणी सेना के पदाधिकारियों ने प्राचार्य मेजर डॉ. अनामिका जैन के सामने ही ज्ञापन फाड़कर फेंक दिया। इससे नाराज प्राचार्या वापस अपने कक्ष की ओर चली गई। करणी सेना के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने होलकर कॉलेज के सामने चक्काजाम कर दिया।

हालांकि पुलिस के आश्वासन के बाद करणी सेना ने अपना चक्काजाम समाप्त किया। बाद में उनका एक प्रतिनिधिमंडल कॉलेज प्राचार्या से मिला और छात्रों का निलंबन वापस लेने की मांग की।

No comments:

Post a Comment