Monday, September 7, 2026

विश्वविद्यालय परिसरस्थित संस्कृतविभाग में प्रथम समसत्र की कक्षाओं का यज्ञ के साथ शुभारम्भ



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह वि.वि. परिसर स्थित संस्कृत विभाग में वि.वि. के छात्र कल्याण अधिष्ठाता के निर्देशानुसार प्रथम सेमेस्टर की कक्षाओं का शिक्षणकार्य प्रारम्भ हुआ। सर्वप्रथम संस्कृतविभाग के सहविभागाध्यक्ष डा. प्रशान्त शर्मा के ब्रह्मत्व में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने यज्ञ किया। जिसमें विभाग में संचालित पाठ्यक्रमों में नवप्रविष्ट विद्यार्थियों में से सभी पाठ्यक्रमों के प्रतिनिधि विद्यार्थी यजमान रहे। 


एम.ए. (संस्कृत, ज्योतिर्विज्ञान), बी.ए. (संस्कृत, ज्योतिर्विज्ञान) एवं पी.जी.डिप्लोमा इन कर्मकाण्ड के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के साथ अन्य विद्यार्थी तथा प्राध्यापक गण उपस्थित रहे। यज्ञ में याज्ञिक विद्यार्थियों द्वारा विभाग तथा विश्वविद्यालय के साथ राष्ट्र की उन्नति हेतु विशेष मन्त्रों से आहुतियाँ प्रदान की गईं। तत्पश्चात् भारत की आत्मा संस्कृत तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन की चर्चा के साथ विधिवत् शिक्षणकार्य प्रारम्भ हुआ। सहविभागाध्यक्ष ने बताया कि माननीया कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की प्रेरणा से तथा कलासंकायाध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह के मार्गदर्शन में विभाग में भारतीय ज्ञान परम्परा को निरन्तर आगे बढाया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment