Sunday, September 6, 2026

श्रीकृष्ण पर्व में बही भक्ति की सरिता, नृत्य-नाटिका और भजनों से गूंजा खातेगांव

नित्य संदेश ब्यूरो 

खातेगांव। श्रीराधा-कृष्ण मंदिर परिसर शुक्रवार शाम भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से सराबोर नजर आया। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा आयोजित ‘श्रीकृष्ण पर्व’ में नृत्य-नाटिका और भक्ति गायन की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का मन मोह लिया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भगवान श्रीराधा-कृष्ण के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर श्री आशीष शर्मा विधायक श्रीमती सारिका नरेंद्र शर्मा नगर पंचायत अध्यक्ष,सुरेशचंद यादव, यादव समाज अध्यक्ष,आनंद यादव श्री राधा कृष्ण मंदिर अध्यक्ष एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री राजेंद्र पवार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जबलपुर से आईं सुविख्यात नृत्यांगना सुश्री शालिनी खरे एवं उनके साथियों ने ‘जामवंत एवं श्रीकृष्ण’ प्रसंग पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। नृत्य,अभिनय और भावाभिव्यक्ति के सुंदर समन्वय से कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के इस प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दिया। प्रस्तुति के दौरान दर्शक मंत्रमुग्ध होकर कलाकारों को निहारते रहे और समापन पर तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद बालाघाट की सुश्री मुस्कान चौरसिया ने भक्ति गायन की प्रस्तुति दी। उनके सुमधुर स्वरों में गूंजे भजनों से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर नजर आए और पूरा परिसर श्रीकृष्ण भक्ति से सराबोर हो उठा।

‘श्रीकृष्ण पर्व’ के आयोजन में आस्था के साथ भारतीय कला एवं संस्कृति की सुंदर छटा भी देखने को मिली। नृत्य, नाट्य एवं संगीत के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन,उनकी लीलाओं तथा उनके द्वारा दिए गए धैर्य, मित्रता,करुणा और दया जैसे जीवन-मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कला प्रेमी कार्यक्रम देखने पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। मंदिर परिसर में देर शाम तक भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का मंच संचालन अमित राव पवार ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावी शैली में कार्यक्रम को क्रमबद्ध रूप से आगे बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में अनुविभागीय अधिकारी श्री राजेंद्र पवार ने कलाकारों,अतिथियों, संस्कृति विभाग,मंदिर प्रबंधन, आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों एवं उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के 29 ऐतिहासिक,धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों पर आयोजित ‘श्रीकृष्ण पर्व’ की श्रृंखला में खातेगांव का यह आयोजन भी आस्था और कला के सुंदर संगम के रूप में यादगार रहा।

No comments:

Post a Comment