परिवारिक महिलाओं का निकलना हुआ दुश्वार, शिकायतों के बाद भी प्रशासन मौन
मुकुल कुमार
नित्य संदेश, मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के कबाड़ी बाजार का एक बार फिर पुराना काला सच सामने आ रहा है। व्यापारियों की दुकानों के ऊपर बने कोठों में खुलेआम देह व्यापार का धंधा चलने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही कुछ महिलाएं सज-धज कर छज्जों पर आ जाती हैं और राहगीरों को इशारे करती हैं, जिससे इस मुख्य बाजार से गुजरने वाली पारिवारिक महिलाओं और स्कूली छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के अनुसार इस अवैध कारोबार की शिकायत कई बार मेरठ के उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है।
गौरतलब है कि लगभग 10 वर्ष पूर्व मेरठ प्रशासन ने इसी कबाड़ी बाजार में चल रहे देह व्यापार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट के आदेश पर सभी कोठों को सील कर दिया था और इस धंधे को पूरी तरह बंद करा दिया था। उस समय कोठा संचालकों ने कोर्ट में शपथ पत्र देकर कहा था कि भविष्य में यहां ऐसा कोई अवैध कारोबार नहीं होगा, जिसके बाद उन्हें जमानत मिली थी। लेकिन अब एक बार फिर वही धंधा चरम पर पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों को अब मेरठ के नवनियुक्त कप्तान बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति से उम्मीद है कि वह इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर इस अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करेंगे।
No comments:
Post a Comment