Monday, September 28, 2026

हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर पुस्तक प्रदर्शनी एवं पुस्तक मेले का सफल आयोजन

नित्य संदेश, इंदौर। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या पीजी महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग द्वारा हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर 14 सितंबर 2026 से 28 सितंबर 2026 तक पुस्तक प्रदर्शनी एवं पुस्तक मेले का सफल आयोजन किया गया।


संस्था प्रमुख डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन, डॉ. वी. पी. वैरागी, प्रशासनिक अधिकारी के सक्रिय सहयोग तथा डॉ. स्वाती सोनी, पुस्तकालय प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस पुस्तक प्रदर्शनी में हिंदी भाषा एवं साहित्य की प्रतिष्ठित, महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया।


प्रदर्शनी में मुंशी प्रेमचंद, महादेवी वर्मा, जयशंकर प्रसाद, रामधारी सिंह ‘दिनकर’, हरिवंश राय बच्चन सहित अनेक प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकारों की कालजयी रचनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। छात्राओं को हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा, विविध साहित्यिक विधाओं एवं महत्वपूर्ण रचनाकारों से परिचित कराने के साथ उनमें पठन संस्कृति एवं साहित्यिक अभिरुचि विकसित करने का प्रयास किया गया।


पुस्तक प्रदर्शनी एवं पुस्तक मेले में महाविद्यालय की छात्राओं, प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों, जनभागीदारी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने प्रदर्शित पुस्तकों का अवलोकन किया तथा अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों के बारे में जानकारी प्राप्त की।


आयोजन के माध्यम से छात्राओं में पुस्तक पठन, ज्ञानार्जन एवं पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

No comments:

Post a Comment