Sunday, September 13, 2026

राहुल गांधी युवाओं की आवाज उठा रहे हैं, भाजपा को ‘छात्रों की गूंज’ से डर लग रहा है

जर्जर स्कूलों से लेकर पेपर लीक तक—मध्यप्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल : पटवारी


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  जीतू पटवारी ने आज इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, बेरोजगारी और आगामी 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।


 पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर किया है। प्रदेश के अनेक स्कूल जर्जर हैं, शिक्षकों की कमी है, शिक्षा महंगी होती जा रही है और सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर विद्यार्थियों का भरोसा लगातार कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी विचारधारा की प्रयोगशाला नहीं, बल्कि ज्ञान, तर्क, शोध और वैज्ञानिक सोच का केंद्र होनी चाहिए 


 पटवारी ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में वैचारिक हस्तक्षेप बढ़ना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा संस्थानों को ज्ञान और शोध के केंद्र के बजाय एक विशेष विचारधारा के प्रभाव में लाने का प्रयास किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि इतिहास और पाठ्यक्रमों को वैचारिक नजरिये से प्रभावित करने के बजाय शिक्षा नीति की स्वतंत्र, निष्पक्ष और वैज्ञानिक समीक्षा होनी चाहिए। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, वैज्ञानिक सोच और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तैयार है?


 पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के 2026-27 बजट में शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति क्षेत्र के लिए ₹52,917 करोड़ का प्रावधान बताया गया है, जबकि 2025-26 के संशोधित अनुमान में यह राशि ₹46,844 करोड़ थी।


उन्होंने कहा कि बजट बढ़ाने के दावे अपनी जगह हैं, लेकिन असली सवाल यह है कि उसका लाभ विद्यार्थी और शिक्षक तक कितना पहुंच रहा है।


उन्होंने कहा, जर्जर स्कूल, शिक्षकों की कमी, महंगी शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में अविश्वास—इन सवालों का जवाब सरकार को देना होगा।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती व्यवस्था को लेकर युवाओं का भरोसा लगातार कमजोर हुआ है। उन्होंने व्यापम/MPESB, पुलिस आरक्षक भर्ती, नर्सिंग भर्ती और MPPSC सहित विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों का उल्लेख करते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।


उन्होंने कहा कि उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड और रिपोर्टों के अनुसार, 2020 से जून 2026 के बीच MPESB ने 73 परीक्षाएं आयोजित कीं और एक दर्जन से अधिक परीक्षाएं कथित अनियमितताओं एवं फर्जीवाड़े से जुड़े पुलिस मामलों की जद में आईं। तीन भर्ती परीक्षाएं रद्द भी हुईं।


नर्सिंग भर्ती परीक्षा का उदाहरण देते हुए श्री पटवारी ने कहा कि 2023 में स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी और आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई।


उन्होंने कहा मध्यप्रदेश में युवा सालों मेहनत करता है, फीस भरता है, कोचिंग करता है, परीक्षा देता है और जब पेपर लीक या भर्ती में गड़बड़ी होती है तो उसकी पूरी मेहनत बर्बाद हो जाती है। सरकार को बताना चाहिए कि ऐसे मामलों में कितने दोषियों को कठोर सजा हुई?


 पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में बेरोजगारी गंभीर स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों में लगभग 30 लाख युवा बेरोजगार बताए जाते हैं और बड़ी संख्या में मध्यप्रदेश के युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं।


उन्होंने कहा जिस प्रदेश के बच्चे रोजगार के लिए गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली और दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हों, उस प्रदेश में सरकार को उत्सव और प्रचार से पहले रोजगार पर जवाब देना चाहिए।


उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार एक-दूसरे से सीधे जुड़े हुए हैं। शिक्षा की गुणवत्ता कमजोर करके और पर्याप्त रोजगार के अवसर पैदा किए बिना भाजपा सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय कर रही है।


19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर  पटवारी ने कहा कि आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर  रु.10 लाख की राशि की मांग की गई।


उन्होंने कहा अगर 10 लाख की जगह 1 करोड़ रुपये भी मांगते, तब भी हम देते। क्योंकि राहुल गांधी जी इस देश के युवाओं की आवाज उठा रहे हैं। भाजपा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं के सवाल सुनने को तैयार नहीं है।


उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगभग एक घंटे तक विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। यह केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं, अवसर और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर संवाद का मंच है।


 पटवारी ने बताया कि 19 सितंबर को इंदौर के रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे कांग्रेस द्वारा ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया गया है। आयोजन के लिए कांग्रेस द्वारा IDA को ₹10 लाख से अधिक की राशि जमा की गई है।


कार्यक्रम में युवाओं के लिए विशेष लाइव प्रस्तुतियां भी होंगी... 

कार्यक्रम में शामिल कलाकारों में—राघव चैतन्य,लश-करी (Lushcurry),विकास अनबिटेबल ड्रीम टीम शामिल हैं।कार्यक्रम की जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के संवाद से पहले कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी और इसके बाद राहुल गांधी लगभग एक घंटे तक युवाओं से संवाद करेंगे।


 पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी के पूर्व आयोजनों के अनुभव में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने वाले युवाओं में से लगभग 10 प्रतिशत तक की प्रत्यक्ष भागीदारी देखी गई है। इस बार भी पूरे मध्यप्रदेश से छात्र-छात्राओं के इंदौर पहुंचने की उम्मीद है।


उन्होंने कहा“जब छात्र अपनी बात कहने के लिए इंदौर आ रहे हैं तो भाजपा को इसमें राजनीति दिखाई दे रही है। हमें इसमें मध्यप्रदेश के भविष्य की आवाज सुनाई दे रही है।”


श्री पटवारी ने भाजपा सरकार से पूछा

1. मध्यप्रदेश के जर्जर स्कूलों की स्थिति कब सुधरेगी?

2. शिक्षा संस्थानों में वैचारिक हस्तक्षेप कब बंद होगा?

3. पेपर लीक और भर्ती परीक्षा की गड़बड़ियों पर कठोर कार्रवाई क्यों नहीं होती?

4. MPESB/Vyapam, नर्सिंग, पुलिस भर्ती और MPPSC से जुड़े विवादों पर सरकार जवाब क्यों नहीं देती?

5. लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए सरकार की ठोस रोजगार नीति क्या है?

6. मध्यप्रदेश से युवाओं का पलायन रोकने के लिए सरकार ने क्या किया?

7. शिक्षा नीति की पारदर्शी और स्वतंत्र समीक्षा से सरकार क्यों बच रही है


अंत में  पटवारी ने कहा भाजपा सरकार को छात्रों की आवाज से डरना बंद करना चाहिए। राहुल गांधी युवाओं से संवाद करने आ रहे हैं और भाजपा को चाहिए कि वह भी मंच पर आए, युवाओं के सवाल सुने और उनके जवाब दे। लोकतंत्र में सवालों से डरने वाली सरकार ज्यादा दिन नहीं चलती।”


 उक्त पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, श्रीमती शोभा ओझा, राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, इंदौर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मीमरोठ, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चौकसे एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया सहित कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment