नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वामा सारथी की अध्यक्षा निवि मूर्ति (धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों में रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी सहित विभिन्न पात्रों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान बच्चों द्वारा नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें मौजूद सभी लोगों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रतिभा ने पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर प्राची (धर्मपत्नी पुलिस अधीक्षक ग्रामीण), सहायक पुलिस अधीक्षक दीक्षा भोरिया, क्षेत्राधिकारी कोतवाली/लाइन संग्राम सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस कार्यालय सौम्या सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरपाल सिंह, प्रभारी वेलफेयर शाखा सहित पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही बच्चों को भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
No comments:
Post a Comment