नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ के ऑडिटोरियम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद संकाय सदस्यों के बच्चों ने नृत्य, गायन एवं भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने भी भजन, गायन, नृत्य, नाटक और मनमोहक कृष्ण जन्म एवं कृष्ण लीलाओं का मंचन कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान एमबीबीएस छात्रों द्वारा मटकी फोड़ कार्यक्रम भी किया गया। प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें चॉकलेट व टॉफी वितरित कीं। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों को भी टॉफी और चॉकलेट दी गईं।
प्राचार्य ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बहुत शुभ और खास माना जाता है। मान्यता के अनुसार इस दिन कान्हा का जन्म हुआ था और तभी से उनका जन्मोत्सव मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस दिन भक्त पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ मंदिरों में जाते हैं, व्रत रखते हैं और भगवान कृष्ण की पूजा करते हैं। संकाय सदस्यों में डॉ. आभा गुप्ता, डॉ. उर्मिला कार्या एवं डॉ. अनुज त्यागी ने मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. अनामिका शर्मा, डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. अलका श्रीवास्तव, डॉ. अंशु सिंह, डॉ. दीप्ति सिंह एवं डॉ. प्रेम प्रकाश मिश्रा ने कराया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के समस्त संकाय सदस्य, विद्यार्थीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment