Tuesday, September 1, 2026

हापुड़ के किसानों के पीटीडब्ल्यू बिल होंगे ठीक, दो चरणों में खुलेगा पोर्टल

 


नित्य संदेश ब्यूरो

हापुड़। किसानों के प्राइवेट ट्यूबवेल के गलत बिजली बिलों के समाधान के लिए बिजली निगम ने बड़ी पहल की है। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने हापुड़ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बिल संशोधन के लिए दो चरणों में पोर्टल खोलने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी कविता मीणा भी मौजूद रहीं।


प्रबंध निदेशक ने कहा कि किसानों की समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान डिस्कॉम की प्राथमिकता है। सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निस्तारण किया जाए। जानकारी के अनुसार, पोर्टल पहले चरण में 15 से 30 सितम्बर 2026 तक और दूसरे चरण में 15 से 30 अक्टूबर 2026 तक खुलेगा। इस दौरान किसान अपने बिल से जुड़ी शिकायतों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक खंड कार्यालय में विशेष काउंटर लगाए जाएंगे, जहां आवेदन और दस्तावेज अपलोड करने में मदद दी जाएगी। पोर्टल की जानकारी के लिए अखबारों में प्रकाशन, एसएमएस और बैनर के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रबंध निदेशक ने किसानों से अपील की है कि वे अपने प्रकरण से संबंधित पुख्ता प्रमाण और दस्तावेजों के साथ ही आवेदन करें।


No comments:

Post a Comment