मुठभेड़ में एक घायल सहित 4 गिरफ्तार, 7 पिस्टल, 20 कारतूस, चोरी की बाइक व स्कूटी बरामद
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना परतापुर पुलिस और स्वाट टीम नगर मेरठ ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय व अंतर्जनपदीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे सहित कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 7 अवैध पिस्टल .32 बोर, 20 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13/14.09.2026 की रात्रि में मुखबिर से सूचना मिली कि मेरठ निवासी 3 व्यक्ति एक दिल्ली निवासी व्यक्ति को अवैध पिस्टल बेचने के उद्देश्य से अच्छरौंडा-बहादुरपुर मार्ग स्थित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास मिलने वाले हैं। सूचना पर थाना परतापुर पुलिस व स्वाट टीम नगर ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को आत्मसमर्पण के लिए कहा। इस पर अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त आमिर पुत्र हाजी फरियाद निवासी वेलकम कॉलोनी नई दिल्ली के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके 3 साथी मौके से फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद मेरठ के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन कॉम्बिंग की गई। कांशीराम योजना स्थित खंडहरनुमा भवन से फरार चल रहे 1. शुऐब पुत्र हमराज अल्वी निवासी रसीदनगर थाना ब्रह्मपुरी, 2. शादान उर्फ पकौड़ी पुत्र साहिद मंसूरी निवासी माधवपुरम थाना ब्रह्मपुरी और 3. साजिद पुत्र दीन मोहम्मद उर्फ दीनू निवासी रांगणों की चौपाल थाना कोतवाली मेरठ को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने अवैध पिस्टलों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी में लिप्त होना स्वीकार किया है। बरामद मोटरसाइकिल UP15DD0096 के संबंध में थाना देहली गेट पर मु0अ0सं0 146/2026 धारा 303(2) BNS में चोरी का मुकदमा पंजीकृत पाया गया। इस प्रकरण में थाना परतापुर पर मु0अ0सं0 482/2026 धारा 109(1)/3(5)/111/317(2)/317(5) BNS व 3/5/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त -
- आमिर पुत्र हाजी फरियाद निवासी वेलकम कॉलोनी नई दिल्ली (34 वर्ष) - मुठभेड़ में घायल
- शुऐब पुत्र हमराज अल्वी निवासी रसीदनगर थाना ब्रह्मपुरी (28 वर्ष)
- शादान उर्फ पकौड़ी पुत्र साहिद मंसूरी निवासी माधवपुरम थाना ब्रह्मपुरी (27 वर्ष)
- साजिद पुत्र दीन मोहम्मद उर्फ दीनू निवासी रांगणों की चौपाल थाना कोतवाली (55 वर्ष)
बरामदगी - 7 अवैध पिस्टल .32 बोर, 20 जिंदा कारतूस .32 बोर, 1 खोखा कारतूस, 1 चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 1 सुजुकी स्कूटी DL5SDN1734। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शुक्ला, स्वाट टीम प्रभारी उ0नि0 मनीष शर्मा मय टीम, उ0नि0 विनोद कुमार अत्री, उ0नि0 नीरज कुमार बघेल, उ0नि0 अजय कुमार, उ0नि0 विपिन कुमार मिश्र, उ0नि0 फहद जफर और उ0नि0 गिरीश यादव शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment