Thursday, September 3, 2026

एस.आर. इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई जन्माष्टमी, मटकी फोड़ बना आकर्षण का केंद्र



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। किला रोड स्थित एस.आर. इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर भगवान श्रीकृष्ण के भजनों और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों से सराबोर हो उठा।


कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. स्वतंत्र चौहान, प्रधानाचार्या श्वेता तोमर सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक एवं प्रधानाचार्या द्वारा बाल श्रीकृष्ण के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं पर आधारित मनमोहक नृत्य, गीत, भजन एवं नाट्य प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। छात्रों ने श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर धर्म, कर्म, प्रेम, मित्रता और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।


इस अवसर पर निदेशक डॉ. स्वतंत्र चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें निरंतर कर्म करते रहने, सत्य एवं न्याय का साथ देने तथा विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्रों को ग्लोबल वार्मिंग के बारे में जागरूक करते हुए प्रकृति से जुड़ने का आह्वान किया और बुरी आदतों से दूर रहने एवं महिलाओं का सम्मान करने का संदेश दिया।


प्रधानाचार्या श्वेता तोमर ने छात्रों को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने अंदर अनुशासन, आत्मविश्वास, करुणा और जिम्मेदारी के गुण विकसित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment