Saturday, September 12, 2026

भीषण आग की चपेट में आए कार चालक की यातायात पुलिस ने बचाई जान


• कांच तोड़कर झुलसे चालक को निकाला बाहर, तत्काल अस्पताल पहुंचाया


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। यातायात प्रबंधन पुलिस, नगरीय इंदौर द्वारा यातायात व्यवस्था के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही भी की जा रही है।

इसी क्रम में आज यातायात थाना जोन-4 के थाना प्रभारी  सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था में तैनात थे। इसी दौरान एक कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से चालक वाहन के अंदर ही झुलस गया और बाहर नहीं निकल पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी श्री सुमित बिलोनिया ने तत्काल  एएसआई जे.पी. तिवारी,   आरक्षक क्रमांक 3608 विजय, प्रधान आरक्षक कमल के सहयोग से कार का कांच तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस टीम ने घायल चालक को तत्काल चोइथराम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक जांच में उसके लगभग 40 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी दी गई।


घायल का उपचार अस्पताल में जारी है। इसी दौरान थाना प्रभारी एवं यातायात पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में लगी आग पर भी काबू पाया। 

यातायात पुलिस की इस त्वरित एवं मानवीय कार्यवाही से संकट में फंसे चालक को समय पर सहायता मिली और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका। पुलिस की त्वरित कार्यवाही की आमजन ने सराहना की।

No comments:

Post a Comment