Thursday, September 17, 2026

सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में जनप्रतिनधियों की उपस्थिति में हुआ “सामाजिक अधिकारिता शिविर” का आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सेवा संकल्प अभियान के दौरान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की राष्ट्रव्यापी पहल के अंतर्गत आज देशभर में एक साथ 76 “सामाजिक अधिकारिता शिविर” आयोजित किए गए। मेरठ स्थित एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र में एक भव्य वितरण शिविर मा0 जनप्रतिनिधियो की उपस्थिति में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन और एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें एएलआईएमसीओ कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में शामिल रहा।


शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उच्च-गुणवत्ता वाले सहायक उपकरण एवं सहायता-साधन निःशुल्क उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाना था, ताकि उनकी गतिशीलता, आत्मनिर्भरता और दैनिक जीवन के स्तर में सुधार हो सके। जनप्रतिनिधियो ने अपने संबोधन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, जिला प्रशासन, एएलआईएमसीओ और पीएमडी-वीके मेरठ के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को सीधे पहुंचाया जा रहा है तथा एक समावेशी और बाधारहित समाज सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के कुल 140 लाभार्थियों को कार्यक्रम के दौरान विशेष उपकरण उपलब्ध कराए गए। एडीआईपी योजनान्तर्गत (दिव्यांगजनों को सहायता) 40 लाभार्थियों (दिव्यांगजनों) को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप गतिशीलता एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। राष्ट्रीय वयोश्री योजनान्तर्गत 100 वरिष्ठ नागरिकों को आयु-संबंधी सहायक उपकरण प्रदान किए गए।


जनप्रतिनिधियो द्वारा लाभार्थियो को उपकरणों में मोटर चालित ट्राइसाइकिल, हाथ से संचालित ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर और छड़ी, लुंबोसैक्रल बेल्ट और घुटने के ब्रेस, उच्च-प्रदर्शन वाले डिजिटल श्रवण यंत्र आदि का वितरण किया गया।  इस अवसर पर महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल, प्रधानाचार्य, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सिद्धांत शर्मा, प्रभारी, पीएमडी-वीके मेरठ यशवीर सहित अन्य संबंधित अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, दिव्यांगजन आदि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment