Sunday, September 20, 2026

पउप्र में चुनावी बिसात, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मेरठ दौरा आज

 


-दो दिवसीय दौरे के तहत मेरठ और सहारनपुर के कार्यक्रम तय


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश को साधने के लिए भाजपा ने सियासी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को पहली बार मेरठ आ रहे हैं। दो दिवसीय दौरे के तहत पहले दिन मेरठ और सोमवार को सहारनपुर में उनके कार्यक्रम तय हैं।


राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मेरठ पहुंच रहे हैं। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के भी आने की संभावना है। प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष 21 सितंबर को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के रास्ते सड़क मार्ग से मेरठ पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से सुभारती विश्वविद्यालय में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। दौरे का मुख्य केंद्र स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय रहेगा। सुबह 11 बजे जेन-जी संवाद - मांगल्य प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय अध्यक्ष दो हजार छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करेंगे। एआई, शिक्षा, रोजगार जैसे मुद्दों पर यह संवाद होगा। आयोजकों के अनुसार, मंच पर केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे और सामने युवा। कार्यक्रम में किसी कार्यकर्ता को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसकी कमान पश्चिम क्षेत्र की युवा टीम संभाल रही है।


दोपहर में शक्ति केंद्र सम्मेलन: इसके बाद विश्वविद्यालय के मैदान में 71 विधानसभा क्षेत्रों के 4800 शक्ति केंद्र संयोजक और मंडल अध्यक्षों का सम्मेलन होगा। इसमें 14 लोकसभा और 19 संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। यहीं से बूथ स्तर तक जीत का मंत्र दिया जाएगा। इसके बाद ब्रावुरा रिसोर्ट में संगठन की दो बंद कमरे की बैठकें होंगी।


जर्मन हैंगर से बना भव्य पंडाल

कार्यक्रम के लिए सुभारती मैदान में जर्मन हैंगर से वातानुकूलित पंडाल तैयार किया गया है। पांच हजार कुर्सियां, जनप्रतिनिधियों के लिए तीन पंक्तियों में सोफे, 6 फीट ऊंचा मंच और दो डायस की व्यवस्था की गई है। पंडाल में 50 से अधिक कूलर और पंखे लगाए गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का रात्रि प्रवास ब्रावुरा रिसोर्ट में होगा, जबकि मुख्यमंत्री आरएएफ गेस्ट हाउस में रुक सकते हैं। रविवार को पुलिस-प्रशासन ने दोनों स्थलों का निरीक्षण किया।


रात्रि प्रवास के दौरान जा सकते हैं औघड़नाथ मंदिर

22 सितंबर की सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष सड़क मार्ग से सहारनपुर रवाना होंगे। वहां मां शाकुंभरी के दर्शन के बाद दो संगठनात्मक बैठकें लेंगे। सूत्रों के अनुसार, रात्रि प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर आश्रम माधव कुंज औघड़नाथ मंदिर जा सकते हैं और एनडीए के घटक दल रालोद के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात कर सकते हैं। सम्मेलन में बिना पहचान पत्र और प्रवेश पास के प्रवेश नहीं मिलेगा। 19 जिलों से करीब 100 बसों और 300 से अधिक वाहनों से कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment