नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मेरठ में आज क्रांति रेंजर्स टीम के तत्वावधान में ‘विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों की जनकल्याणकारी सेवाओं तथा ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प के प्रति छात्राओं में जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के समस्त संकायों की 14 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने शिक्षा एवं कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भर भारत, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल प्रगति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे आयामों पर प्रभावशाली विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह के संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और छात्राओं को शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देना चाहिए। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल प्रो. गीता चौधरी, डॉ. निरुपमा सिंह एवं डॉ. आकांक्षा द्वारा विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, भाषा-शैली एवं प्रभावशीलता के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता परिणाम :
- प्रथम स्थान - कु. वैभवी श्रीवास्तव (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर)
- द्वितीय स्थान - गुनगुन सैनी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर)
- तृतीय स्थान - मधु (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर)
- सांत्वना पुरस्कार - कु. पायल (एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर)
परिणामों की घोषणा सेवा संकल्प अभियान की नोडल प्रो. लता कुमार ने की तथा सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे मंच आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक जागरूकता का विकास करते हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अनुजा गर्ग ने किया। अंत में आयोजकों ने प्राचार्य, निर्णायक मंडल, रेंजर समिति एवं सभी प्रतिभागी छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प के प्रति सकारात्मक सहभागिता के संदेश के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment