Monday, September 28, 2026

वेस्टर्न यू.पी. चैम्बर की 81वीं वार्षिक आम सभा सम्पन्न, 11 कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। वेस्टर्न यू.पी. चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, मेरठ की 81वीं वार्षिक साधारण सभा रविवार को चैम्बर भवन, बॉम्बे बाजार, कैंट में सम्पन्न हुई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा तथा विशेष अतिथि के रूप में प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक डॉ. पूनम देवदत्त उपस्थित रहे।


वार्षिक सभा में सत्र 2026-2029 के लिए 11 सदस्यों को निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें अभय रस्तोगी, अजय प्रकाश मित्तल, अनिल जैन, गिरीश मोहन गुप्ता, जे.के. गुप्ता, कैलाश चंद बंसल, संजय कुमार जैन, संजय रस्तोगी, एस.पी. देशवाल, एस.पी. दादू एवं सुनील कुमार गुप्ता शामिल हैं। सभा के पश्चात Stress Management पर कार्यशाला आयोजित की गई।


व्यापारियों की समस्याएं सरकार के समक्ष रखीं -
चैम्बर अध्यक्ष डॉ. बृजभूषण ने उद्यमियों की प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि एमएसएमई उद्योगों के लिए सबमर्सिबल पम्प व भूजल दोहन के नियमों का सरलीकरण किया जाए, लीज-होल्ड औद्योगिक भूखंडों को फ्री-होल्ड किया जाए, गंगा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर में 500 से 1000 वर्ग मीटर के छोटे भूखंड आवंटित किए जाएं तथा बिजली विभाग में उद्योगों के लिए सिंगल विंडो हेल्पडेस्क बनाया जाए।


भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि सेंट्रल मार्केट सहित पूरे मेरठ का छोटा व्यापारी परेशान है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा - "राष्ट्र मेरा धर्म है, पार्टी मेरी माँ है, व्यापारी मेरी आत्मा है। जब तक शरीर में खून है, व्यापारियों के सम्मान से समझौता नहीं होने दूंगा।"


राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने चैम्बर की ऐतिहासिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की नई उद्योग नीति-2022 और निवेश सारथी पोर्टल से उद्योगों को बड़ी राहत मिली है। आज प्रदेश में 8 एक्सप्रेसवे का जाल है। पहले सहारनपुर से मेरठ आने में 4 घंटे लगते थे, आज डेढ़ घंटे में सफर पूरा होता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर चैम्बर की मांगों का त्वरित निस्तारण कराएंगे। संचालन सचिव कपिल गहलौत ने किया। इस अवसर पर अजय गुप्ता, शशांक जैन, अनुराग अग्रवाल, राकेश कोहली, राजीव लोचन गोयल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment