Saturday, September 12, 2026

लंपी स्किन डिजीज को लेकर अलर्ट: परीक्षितगढ़ में 5 टीमें गठित, 6200 गोवंश का टीकाकरण

रवि गौतम 
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। विकासखंड में गोवंश में फैल रही लंपी स्किन डिजीज को लेकर पशुपालन विभाग अलर्ट मोड पर है। विभाग द्वारा विकासखंड में 5 टीमें गठित कर गांव-गांव जाकर गोवंश का टीकाकरण कराया जा रहा है। अब तक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगभग 6200 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।

शनिवार को अपर निदेशक मेरठ मंडल, मेरठ डॉ. मानव ने ब्लॉक क्षेत्र के गांव बोंद्रा, नगला, गेसूपुर आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने पशुपालकों से बातचीत कर बीमारी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि पशुओं के नीचे साफ-सफाई रखें, नीम के पत्ते व फिटकरी के पानी से पशुओं को नहलाएं तथा बाहर से कोई भी नया पशु न लाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि लंपी स्किन डिजीज से ग्रसित पशुओं को अलग बांधें और चारे-पानी का विशेष ध्यान रखें।

अपर निदेशक ने पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल त्यागी को क्षेत्र में जल्द से जल्द शत-प्रतिशत गोवंश के टीकाकरण के आदेश दिए। साथ ही गांव में टीकाकरण कर रहे पशुधन प्रसार अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के घर-घर जाकर टीकाकरण करें, कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।

इस मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल त्यागी, पशुधन प्रसार अधिकारी जय भगवान, अरुण शर्मा, विकास आर्य, सत्येंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment