Saturday, September 19, 2026

आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल: मेरठ का प्रदर्शन प्रदेश में टॉप-5 में, 20 बेड के फील्ड अस्पताल की हुई सराहना

नित्य संदेश ब्यूरो 

मेरठ, 18 सितंबर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेरठ एवं अपर जिलाधिकारी (वि/रा) के निर्देश पर शनिवार को सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में भूकंप एवं अग्नि दुर्घटना से निपटने को लेकर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल में अग्निशमन, एनसीसी, सिविल डिफेंस सहित विभिन्न विभागों ने प्रतिभाग किया।


स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौके पर 20 शैय्या का फील्ड अस्पताल स्थापित किया गया, जिसमें आपातकालीन उपकरण, आवश्यक दवाएं एवं एंबुलेंस की व्यवस्था रही। फील्ड अस्पताल में संभावित घायलों के उपचार का पूर्वाभ्यास किया गया। चिकित्सा दल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नामित इंसिडेंट कमांडर डॉ. सुधीर कुमार (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी), विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रक्षित चौधरी, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अंतेश वर्मा, डॉ. राहुल मलिक, डॉ. विपिन बृजेश सहित फार्मासिस्ट व सहयोगी स्टाफ शामिल रहा।


प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम की समीक्षा उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा की गई, जबकि जनपद स्तर पर चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा अपर निदेशक (चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) डॉ. मनोज सेन एवं संयुक्त निदेशक डॉ. अशोक कुमार तालियान ने की। प्रदेश स्तरीय समीक्षा में मेरठ को शीर्ष 5 जनपदों में स्थान मिला तथा फील्ड अस्पताल के प्रबंधन की सराहना की गई।



सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज के साथ ही तहसील स्तर पर एचपीसीएल परतापुर, एएस इंटर कॉलेज मवाना एवं सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज सरधना में भी मॉकड्रिल आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की टीमों ने प्रतिभाग किया।

No comments:

Post a Comment