नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। नगर निगम की लापरवाही के चलते वार्ड नंबर 48 माधवपुरम सेक्टर-3 में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सेक्टर 3 के 1B में मकान नंबर 816, पूर्व पार्षद प्रत्याशी कामिल मंसूरी के घर के सामने बिजली के खंभे के पास पानी की मुख्य लाइन फट गई है।
मुख्य लाइन फटने से पूरी गली और आसपास के क्षेत्र में जलभराव हो गया है। लगातार पानी बहने से सीवर लाइनें भी ओवरफ्लो हो गई हैं और सीवर का गंदा पानी गलियों और मुख्य रास्ते पर भर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक हजारों लीटर पेयजल बर्बाद हो चुका है, लेकिन विभाग ने अभी तक कोई सुध नहीं ली है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की है।
पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी, समाजसेवी डॉ. इमरान, वार्ड 48 अध्यक्ष काशिफ मंसूरी, दक्षिण विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. जावेद अहमद एडवोकेट और युवजन सभा के पूर्व उपाध्यक्ष सोनू कुरैशी ने संयुक्त रूप से नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त (जल), महाप्रबंधक जल सहित सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल लाइन ठीक कराने और सीवरों की तली झाड़ सफाई कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जल संकट और बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा।
No comments:
Post a Comment