नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज एंड इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रौद्योगिकी, नवाचार, उद्यमिता और उभरते व्यावसायिक मॉडलों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने 20 से अधिक स्टार्टअप्स के नवीन उत्पादों एवं व्यावसायिक मॉडलों का अवलोकन किया तथा TCS और HCL जैसी प्रमुख कंपनियों के तकनीकी समाधानों को समझा। विद्यार्थियों ने ड्रोन तकनीक, साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल नवाचार, स्टार्टअप इकोसिस्टम तथा मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत उद्यमिता एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी प्राप्त की। साथ ही, आईआईएम लखनऊ और AKTU के इनक्यूबेशन एवं स्टार्टअप मॉडल का अध्ययन किया। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने तथा नवाचार और उद्यमिता की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स विजय माहेश्वरी, नसीम मिर्जा, सुश्री शिवांगी शर्मा एवं सुश्री हिमानी चौधरी तथा स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर्स प्रखंड और चंदन के सहयोग एवं समन्वय की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, जिज्ञासु बने रहने और नवीन तकनीकों एवं नवाचारों के माध्यम से भविष्य के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

No comments:
Post a Comment