एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम को ‘बेस्ट प्रॉमिसिंग इनक्यूबेटर 2026’ अवार्ड

नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। लखनऊ में आयोजित यूपी स्टार्टअप संवाद 3.0 में एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम को ‘बेस्ट प्रॉमिसिंग इनक्यूबेटर 2026’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में फोरम के उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।कार्यक्रम का आयोजन एकेटीयू के इनोवेशन हब यूपी की ओर से किया गया। इसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत स्टार्टअप एवं प्राविधिक शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। मेरठ की ओर से एमआईईटी के कैंपस निदेशक प्रो. डॉ. संजय कुमार सिंह और एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम के सीईओ रेहान अहमद ने सम्मान प्राप्त किया।
प्रो. डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम से 100 से अधिक स्टार्टअप जुड़े हैं, जिन्हें नवाचार, उद्यम विकास और बेहतर अवसरों के लिए मार्गदर्शन व सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित कर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में योगदान देना संस्थान की प्राथमिकता है। फोरम के सीईओ रेहान अहमद ने कहा कि नवोदित उद्यमियों को बेहतर मार्गदर्शन, संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए फोरम लगातार कार्य कर रहा है। सम्मान मिलने पर संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल और बरखा अग्रवाल ने पूरी टीम को बधाई दी।
No comments:
Post a Comment