Tuesday, September 8, 2026

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जनपद से ग्राम स्तर पर होंगे विविध कार्यक्रम, व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल आयोजन एवं तैयारियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले वृहद अभियान के अंतर्गत विधानसभा, विकासखंड, ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों में शासन से निर्धारित थीमों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


सेवा संकल्प अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी को जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि विभागीय कार्यक्रमों के संचालन एवं समन्वय के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमों की कार्ययोजना एवं तैयारियों का विवरण समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज’ एवं ‘जनसेवा महाकुंभ’ थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल तथा सीधा संवाद जैसे विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होने बताया कि 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’, 25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’, 02 अक्टूबर को ‘नमो सेवा गाथा’, 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तथा 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा।

उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों की विस्तृत एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे लाभार्थियों की ‘बदलाव की कहानी’ एवं ‘सफलता की कहानी’ भी संकलित की जाए, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं से उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन आया है। कार्यक्रमो में इन कहानियों को ‘सफलता की कहानी-लोगों की जुबानी’ के माध्यम से आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। विभागवार जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कराने की कार्ययोजना तैयार करने तथा लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, लाभार्थियों तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के आमजन की व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। युवाओं के साथ संवाद, रंगोली प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, डिजिटल माध्यमों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से भी अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोडते हुये कार्यक्रमो का सफल आयोजन किया जाये। इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा0 राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय वर्धन तोमर, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मौ0 परवेज, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, समस्त बीडीओ, ईओ सहित अन्य संबंधित विभागो के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment