Sunday, September 6, 2026

दो दिनों में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध मदिरा की 1000 से अधिक पेटियां जब्त

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिले में अवैध मदिरा के क्रय-विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग द्वारा लगातार दो दिनों में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा की 1000 से अधिक पेटियां जब्त की गई हैं। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। 


कलेक्टर  के आदेशानुसार तथा सहायक आयुक्त आबकारी  अभिषेक तिवारी के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में कंट्रोलर  कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर  मनोज अग्रवाल एवं एडीईओ श्रीमती निधि शर्मा सहित आबकारी विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


बायपास क्षेत्र में 55 लाख रुपये की मदिरा जब्त--

आबकारी विभाग की टीम द्वारा गत दिवस गश्त के दौरान बायपास क्षेत्र में एक संदिग्ध कंटेनर की जांच की गई। जांच के दौरान कंटेनर से हरियाणा/पंजाब निर्मित मदिरा की 500 से अधिक पेटियां बरामद हुईं। बरामद मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये है। मदिरा को जब्त कर कंटेनर को अभिरक्षा में लिया गया तथा उक्त मामले में वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

देव नगर क्षेत्र में 500 पेटी मदिरा बरामद--

दूसरी कार्रवाई देव नगर क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर से आरटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई। आबकारी दल द्वारा संदिग्ध वाहन एम बूस्टर प्लस आयशर क्रमांक MP 09 GH 2370 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से PARIIS ROSE PREMIUM WHISKEY, 180 एमएल धारिता के पाव की करीब 500 पेटियां बरामद की गईं। बरामद मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है।


दोनों कार्रवाई में अवैध मदिरा जब्त कर संबंधितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आबकारी विभाग द्वारा मदिरा के स्रोत, गंतव्य तथा अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों एवं इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment