Friday, August 21, 2026

नए SSP का बड़ा एक्शन: किसान नेता पिटाई कांड में 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। किसान नेता दिग्विजय भाटी की पिटाई के मामले में बवाल के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। नवागत एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कार्यभार संभालते ही 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:
1. निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ (सिविल लाइन) 
2. उप निरीक्षक मुलायम सिंह 
3. हेड कांस्टेबल हरि ओम 
4. कांस्टेबल मुकेश कुमार 
5. हेड कांस्टेबल श्याम बाबू 
6. कांस्टेबल सुमित कुमार 
7. महिला कांस्टेबल नीलम लौर 
8. ड्राइवर ललित कुमार 

क्या है पूरा मामला?
मामला ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। आरोप है कि भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) के अध्यक्ष दिग्विजय भाटी और उनके साथी मोहित जाटव की एसएसपी दफ्तर में पीटकर आंख फोड़ दी गई।  पीड़ितों का आरोप है कि तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय ने खुद पुलिस वालों के साथ मिलकर पिटाई की। दोनों को थाने लाकर भी पीटा गया। पिटाई के बाद आंख से खून बहने पर थाने में ही डॉक्टर को भी बुलाना पड़ा।  

मामला तूल पकड़ने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुद्दा उठाया, जिसके बाद एडीजी ने मामले की जांच का आदेश दिया। एडीजी भानु भास्कर ने सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।  

SSP अविनाश पांडेय हटाए गए, BBGTS मूर्ति नए कप्तान
विवाद बढ़ने से एक दिन पहले ही शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन SSP अविनाश पांडेय का तबादला कर दिया था। उन्हें पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।  
उनकी जगह 2015 बैच के आईपीएस बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया SSP नियुक्त किया गया है। मूल रूप से तेलंगाना के रहने वाले मूर्ति इससे पहले झांसी, कासगंज और कानपुर देहात में तैनात रह चुके हैं। उन्होंने चार्ज लेते ही साफ कर दिया कि अनुशासनहीनता और बर्बरता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फिलहाल इस पूरे प्रकरण की जांच सहारनपुर DIG अभिषेक सिंह कर रहे हैं, वहीं मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत दर्ज हो चुकी है।

No comments:

Post a Comment