Monday, August 31, 2026

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सुभारती में गूंजा खेल भावना का जोश, शिक्षक-विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम



सुभारती में राष्ट्रीय खेल दिवस की धूम, मशाल जुलूस से लेकर हॉकी मुकाबले तक दिखा उत्साह


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ: शारीरिक शिक्षा विभाग, शिक्षा संकाय, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के द्वारा विश्वविद्यालय खेल समिति के सहयोग से राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का आयोजन किया गया। यह आयोजन हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर किया गया। सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों से परिपूर्ण इस आयोजन में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अनुशासन, स्वास्थ्य एवं खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए भाग लिया। यह आयोजन विश्वविद्यालय के जनरल मोहन सिंह स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित किया गया जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.(डॉ.) वी. के. मित्तल, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी, खेल समिति के सचिव डॉ. परवीन, मुख्य कुलानुशासक डॉ. शशिराज तेवतिया व वरिष्ठ महिला कुलानुशासक डॉ. निशा सिंह सहित विश्वविद्यालय खेल समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे। यह आयोजन संस्थान की समग्र छात्र विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों एवं शिक्षकों तथा आयोजकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुलपति प्रो.(डॉ.) वी. के. मित्तल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन के लिए नहीं होते हैं यह हमारे समग्र विकास के लिए होते हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम को केवल एक औपचारिकता न मानकर हमारे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जिस समर्पण एवं उत्साह के साथ इसें प्रतिभाग किया है उसको देखकर मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी आने वाले दिनों में देश-विदेश में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में न सिर्फ प्रतिभाग करेंगे बल्कि वहां पर पदक विजेता बनकर देश और विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्ति करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कुलपति महोदय का व्यक्तिगत रूप से विभिन्न खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी ने सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों में नवीन ऊर्जा का संचार किया।


इससे पूर्व कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत करते हुए शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी ने स्वागत संबोधन दिया जिसमें उन्होंने सभी गणमान्य अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए इस समारोह की भूमिका प्रस्तुत की तथा भारतीय खेल जगत में मेजर ध्यानचंद  की अमर विरासत के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व को रेखांकित किया। मशाल जुलूस  (टॉर्च रैली) के आयोजन के साथ शुरू हुआ यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों व स्वयंसेवकों के मार्च पास्ट के साथ आगे बढ़ा जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों के दलों ने समन्वित ड्रिल गतिविधियों एवं सटीक फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया, जो शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों के माध्यम से दी जाने वाली कठोर शारीरिक प्रशिक्षण को दर्शाता है। कुलपति महोदय ने मार्च करती टुकड़ियों से औपचारिक सलामी प्राप्त की, जो विश्वविद्यालय के छात्र समुदाय में विकसित समन्वय एवं अनुशासन का प्रतीक रहीं।


इसके उपरांत समारोह सामूहिक योग प्रदर्शन के साथ जारी रहा, जिसमें कुलपति महोदय एवं उपस्थित शिक्षकों ने छात्रों के साथ सम्मिलित होते हुए समन्वित योग सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया।  इसके अतिरिक्त इस अवसर पर विद्यार्थी बनाम शिक्षक हॉकी मैच रहा जिसमें सभी शिक्षकों ने व विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए उच्च स्तरीय खेल भावना का प्रदर्शन किया।  कड़े मुकाबले में अंततः शिक्षकों की टीम विजयी रही, जिस पर छात्रों एवं सहकर्मियों दोनों ने भरपूर तालियाँ बजाकर हर्ष व्यक्त किया।


स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के इस समारोह ने विश्वविद्यालय के नेतृत्व, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों  की खेल भावना व राष्ट्रीय गौरव की साझा भावना को एक साथ एक मंच पर लेकर आया, जो शारीरिक शिक्षा विभाग की सक्रिय एवं स्वस्थ परिसर संस्कृति को बढ़ावा देने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों से युक्त यह कार्यक्रम मेजर ध्यानचंद को एक सच्ची श्रद्धांजलि तथा एक स्वस्थ एवं खेल-प्रेमी विश्वविद्यालय समुदाय के व्यापक दृष्टिकोण के प्रतीक के रूप में रही।


विश्वविद्यालय की परंपरा के अनुसार कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। इस दौरान डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. दीपक राघव, डॉ. अंकित जादौन, डॉ. नीरू, डॉ. शशिराज तेवतिया, डॉ. मुकेश रुहेला, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. नेहा सिंह, राम प्रकाश तिवारी, डॉ. अभिजित के.बी., हर्षित आदि के साथ बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय खेल समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment