Sunday, August 23, 2026

सस्पेंड महिला दरोगा अनु कॉलिस का छलका दर्द

 


-लाइव आकर बोलीं- 5 दिन से कमरे में बंद हूं, लोग मारने की धमकी दे रहे


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक रील वायरल होने के बाद सस्पेंड हुई महिला दरोगा अनु कॉलिस 7 दिन बाद पहली बार सामने आईं। रविवार को वह यूट्यूब पर लाइव आईं और फूट-फूटकर रोते हुए अपनी बात रखी।


अनु ने कहा, "मैं 5 दिन से कमरे में बंद हूं। मन में जान देने जैसे ख्याल आ रहे हैं। पता है कितनी मेहनत से सरकारी नौकरी मिलती है। कुछ लोगों ने सिर्फ व्यूज के लिए मेरी 25 साल की लाइफ बर्बाद कर दी।" दरोगा ने उसी फ्रॉक में लाइव किया, जिसको लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि यह ड्रेस वह अपनी मां के साथ आगरा के मॉल से लाई थीं। "मैं एंग्लो-इंडियन हूं, हमारे घर में ऐसे कपड़े नॉर्मल हैं। मेरे माता-पिता, भाई को कोई दिक्कत नहीं तो बाहर वालों को क्यों है?" उन्होंने इन्फ्लुएंसर अमित किल्होर पर साइबर क्राइम का आरोप लगाया। बोलीं- "बिना इजाजत मेरे पर्सनल वीडियो-फोटो लेकर वायरल किए। अब वीडियो डिलीट कर मेरे भाई से माफी मांग रहे हैं। अगर मेरी वीडियो अश्लील थी तो विभाग में शिकायत करते, एफआईआर कराते, व्यूज के लिए बदनाम क्यों किया?" अनु ने क्यूआर कोड पर भी सफाई दी कि वह उनके इंस्टा हैंडल का था, किसी फंडिंग का नहीं। उन्होंने कहा वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।


कौन हैं अनु कॉलिस?

2023 बैच की दरोगा अनु मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं। मेरठ में रोहटा, ब्रह्मपुरी थाने के बाद एसएसपी ऑफिस में तैनात थीं। चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में मुस्कान की गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल थीं। 16 अगस्त को तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय ने आचरण नियमावली उल्लंघन में उन्हें सस्पेंड किया था। मामले की जांच एसपी क्राइम अवनीश कुमार कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment