Friday, August 14, 2026

"हर घर तिरंगा अभियान" के तहत इंदौर पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली

• तिरंगे के सम्मान में एकजुट हुआ इंदौर पुलिस परिवार, 


• 500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने तिरंगा हाथ में थाम, किया देशभक्ति की भावना को और मजबूत


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार “हर घर तिरंगा अभियान” का आयोजन 9 से 17 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में भव्य तिरंगा बाइक रैली एवं मार्च पास्ट का आयोजन किया गया।


पुलिस आयुक्त नगरीय की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में अति. पुलिस आयुक्त  आर.के. सिंह, अति. पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-01  नरेंद्र सिंह रावत,  अमन सिंह राठौर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तिरंगा मार्च पास्ट कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा आमजन से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर पूरे गर्व एवं सम्मान के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया।


इसके पश्चात पुलिस आयुक्त द्वारा तिरंगा बाइक रैली को रवाना किया गया। रैली में अधिकारियों  व थाना प्रभारियों सहित 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल हुए।

तिरंगा बाइक रैली पुलिस कमिश्नर कार्यालय पलासिया से प्रारंभ होकर घंटाघर चौराहा, रीगल चौराहा, राजवाड़ा, रीगल, मधुमिलन चौराहा एवं व्हाइट चर्च होते हुए पुनः पलासिया पहुंचकर संपन्न हुई।


इस दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने दोपहिया वाहनों पर तिरंगा लगाकर एवं हाथों में राष्ट्रध्वज थामकर पूरे उत्साह और जोश के साथ रैली में सहभागिता की। देशभक्ति के नारों के साथ निकली इस रैली ने शहरवासियों में राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।


इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर  के नेतृत्व इंदौर पुलिस ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान, राष्ट्रीय स्वाभिमान, अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। अतः स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक पूरे गर्व और सम्मान के साथ अपने घर पर तिरंगा फहराकर “हर घर तिरंगा अभियान” में सहभागी बने।

No comments:

Post a Comment