Sunday, August 16, 2026

"नगर निगम मेरठ से लापता-सभी अधिकारी लापता" के लगे पोस्टर



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। श्याम नगर की दीवारों पर नगर निगम के खिलाफ अनोखे विरोध के पोस्टर लगे हैं। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा है - "नगर निगम मेरठ से लापता, सभी अधिकारी लापता" पोस्टर में क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए लिखा है कि "श्याम नगर की सड़क, श्याम नगर का नाला टूटा फूटा, शालीमार कॉलोनी, अबुबकर बशीर के खेत की गली, खजुर वाला संतर, मजीद नगर, बिस्मिल्ला मस्जिद, अल्फला मस्जिद, 20 फुटा एवं वार्ड की सभी गलियों में ना नाली का पता ना रास्ते का पता, इतना जल भराव रहता है।"


स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर जलभराव और टूटी सड़क-नालियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इस तरह से अपना विरोध जताया है। पोस्टर पर पीएम आवास योजना का लोगो भी लगा हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी न तो सड़क बनी है और न ही नालों की सफाई हुई है। बारिश में घुटने-घुटने तक पानी भर जाता है, जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाती है। पोस्टर के बाद ग्राउंड रिपोर्ट देखे तो सड़क नहीं, सिर्फ बजरी और गड्ढे दिख रहे है। जहां ये पोस्टर लगा है, वहीं की सड़क की ये तस्वीर सब कुछ बयां कर रही है। मुख्य सड़क पर डामर का नामोनिशान नहीं है। पूरी सड़क पर रोड़ी-बजरी और पत्थर बिखरे पड़े हैं। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण ई-रिक्शा और बाइक सवारों को चलने में भारी परेशानी हो रही है। तस्वीर में भी दिख रहा है कि कैसे वाहन इस टूटी सड़क पर हिचकोले खाते हुए निकल रहे हैं।



स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो नाली बनी है, न नाला साफ है और न सड़क। थोड़ी सी बारिश में ही पूरी गली तालाब बन जाती है। दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहक भी नहीं आ पाते। कई बार नगर निगम में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, इसलिए मजबूर होकर लापता के पोस्टर लगाने पड़े।

No comments:

Post a Comment