Tuesday, August 4, 2026

चेहल्लुम पर निकले मातमी जुलूस, मजलिसों में बहे 'अश्क'

 


-उलेमा ने की शोहदा ए करबला की शहादत बयां, आग पर ज़ोरदार मातम

सलीम सिद्दीकी

नित्य संदेश, मेरठ। शौहदा ए करबला का चेहल्लुम मंगलवार को पूरी अकीदत के साथ मनाया गया। शहर भर में मजलिसों का सिलसिला जारी रहा और मातमी जुलूस निकाले गए।


पूर्वा फैय्याज अली (हुसैनाबाद) स्थित इमामबारगाह सैय्यद इकबाल हुसैन (मरहूम) में आयोजित एक बड़ी मजलिस को संबोधित करते हुए मौलाना सैय्यद अहसन आमली ने जंग ए करबला के सभी 72 शहीदों को नम आंखों से खिराज ए अकीदत पेश की। सोजख्वानी सैय्यद शाह अब्बास सफवी और पेशख्वानी सैय्यद कौसर रज़ा सफवी ने की। इस दौरान अंजुमन दस्ता ए हुसैनी के हुमायूं अब्बास 'ताबिश' ने दर्द भरे नोहे पढ़े। मंगलवार को सुबह से ही मेरठ शहर के अलावा जैदी फॉर्म, लोहिया नगर, अब्दुल्लापुर, रसूलपुर धौलड़ी, खिर्वा जलालपुर और  मवाना स्थित इमामबारगाहों और अज़ाखानों में मजलिसें हुईं और परम्परागत जुलूस निकाले गए। सुबह 9 बजे करीम बख्श (जाटव गेट) स्थित इमामबारगाह से जुलूस ए ताजिया निकला गया। उधर, चौड़ा कुआं स्थित छोटी करबला में भी बड़ी मजलिस हुई। इसके बाद यहां से एक बड़ा जुलूस ए ताजिया बरामद हुआ। इस जुलूस में जुलजनाह व अलम ए मुबारक भी शामिल थे।


शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की

जुलूस में मातमदारों ने अपने खून से करबला के शहीदों को खिराज ए अकीदत पेश की। इसके अलावा जै़दी फार्म स्थित इमामबारगाह दरबार ए हुसैनी से ज़ियारतें, ताजिए, अलम और जुलजनाह का बड़ा मातमी जुलूस बरामद हुआ। सभी जुलूसों में मातमी अंजुमनों और हुसैनी सोगवारों ने मातम व नोहेख्वानी कर  शौहदा ए करबला को खिराज ए अकीदत पेश की।


22 अगस्त तक जारी रहेगी मजलिसें

देर रात अंजुमन ताहफ्फुज़ ए अज़ादारी की ओर से रेलवे रोड स्थित मनसबिया के शौक हॉस्टिल में आग पर मातम किया गया। मुहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिज़वी ने बताया कि मजलिसों का सिलसिला आठ रबी उल अव्वल (22 अगस्त) तक जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment