सर्वदलीय पार्षद दल ने किया औचक निरीक्षण, नगर आयुक्त से मरम्मत की मांग, नहीं तो हल्ला बोल की चेतावनी
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। नगर निगम के जन्म-मृत्यु विभाग के रिकॉर्ड रूम की बदहाली को लेकर सर्वदलीय पार्षद दल ने आज औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बरसात के मौसम में रिकॉर्ड रूम की छत से पानी टपकता मिला, जिससे वहां रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों के खराब होने और गलने की आशंका प्रबल हो गई है।
पार्षदों ने बताया कि आज हर विभाग में ऑनलाइन जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। यदि पुराने रिकॉर्ड पानी में गल गए या खराब हो गए तो आम जनता को प्रमाण पत्र नहीं मिल पाएंगे और लोगों के सामने गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी। प्रतिनिधि मंडल ने आरोप लगाया कि कुछ बच्चों के जन्म और मृत्यु के रिकॉर्ड पुरानी बिल्डिंग के रिकॉर्ड रूम से और नई बिल्डिंग के रिकॉर्ड रूम से भी गायब हैं। जिसके कारण लोगों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र बनवाने और सीआरएस पोर्टल पर दर्ज करने में परेशानी हो रही है।
पार्षद दल ने इसके लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग, संपत्ति विभाग और निर्माण विभाग को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही जन्म-मृत्यु विभाग के मुख्य लिपिक, रजिस्ट्रार और संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही को भी जिम्मेदार बताया। निरीक्षण करने वाले प्रतिनिधि मंडल में पूर्व कार्यकारिणी सदस्य फजल करीम, पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी, पूर्व पार्षद मास्टर शहजाद, पूर्व पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य भाई गफ्फार और पूर्व पार्षद कयूम अंसारी आदि शामिल रहे।
सर्वदलीय पार्षद दल ने नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता (निर्माण) और संपत्ति अधिकारी से मांग की है कि पुराने और नए दोनों रिकॉर्ड रूम की छतों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और टपकते पानी को रोका जाए, ताकि अभिलेखों को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके।
पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो सर्वदलीय पार्षदगण नगर निगम के खिलाफ हल्ला बोल अभियान चलाने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
No comments:
Post a Comment