Thursday, August 27, 2026

कंकरखेड़ा पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, चेन लूट का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, एक फरार

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। थाना कंकरखेड़ा पुलिस को बीती रात बड़ी सफलता मिली। चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी सिटी के निर्देशन और सीओ दौराला के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी खड़ौली अशोक कुमार नौहबार, चौकी प्रभारी शोभापुर जितेन्द्र सिंह और उपनिरीक्षक हरेन्द्र सिंह की टीम जेवरी-सरधना रोड पर संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यामाहा FZ बाइक (नंबर UP15DE2597) पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया तो वे भागने लगे। पीछा करने पर बटजेवरा पुलिया के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।

घायल की पहचान शिवम सैनी पुत्र अशोक सैनी निवासी टीकाराम कॉलोनी, जाहरवीर वाली गली, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसके कब्जे से:
1. एक काली यामाहा FZ मोटरसाइकिल UP15DE2597 2. एक अवैध तमंचा .315 बोर 
3. एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया है। 
घायल को प्राथमिक उपचार के बाद प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल भेजा गया है।

लूट की घटना में था वांछित
पुलिस ने बताया कि शिवम सैनी ने 27 अगस्त को अपने साथी के साथ कंकरखेड़ा कस्बे में एक युवती से सोने की चेन लूट की थी। इस संबंध में थाना कंकरखेड़ा पर मु.अ.सं. 640/2026 धारा 309(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी लूट और हत्या के प्रयास के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। फरार दूसरे बदमाश की तलाश की जा रही है।

No comments:

Post a Comment