Saturday, August 22, 2026

आम नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के मन में खाकी वर्दी के प्रति विश्वास को गहरा आघात पहुँचा: शैंकी वर्मा

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा ने कहा कि मेरठ जनपद में हाल के पुलिस बर्बरता के घटनाक्रमों ने आम नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के मन में खाकी वर्दी के प्रति विश्वास को गहरा आघात पहुँचाया है। 

आज स्थिति यह हो गई है कि हमें मेरठ पुलिस से डर लगने लगा है। मन में यह भय बैठ गया है कि कहीं पुलिस किसी व्यक्ति या नेता को “चाय पिलाने” के बहाने बुलाकर किसी बंद कमरे में ले जाए और उसके साथ मारपीट या अमानवीय व्यवहार न किया जाए। यह भय किसी भी लोकतांत्रिक और कानून के शासन वाले समाज के लिए बेहद चिंताजनक है।

हमारा उद्देश्य पुलिस का विरोध करना नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था में जनता का विश्वास बहाल करना है। कानून के रक्षक यदि स्वयं भय का कारण बन जाएँ तो आम नागरिक न्याय और सुरक्षा के लिए किसके पास जाए? इसलिए हम राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग से निष्पक्ष, स्वतंत्र और प्रभावी जांच की मांग करते हैं, ताकि दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो और भविष्य में किसी भी नागरिक के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।

जनपद मेरठ में नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में आए अधिकारी पर अब हम सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। हमें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मेरठ पुलिस निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगी तथा पुलिस और जनता के बीच टूट चुके विश्वास को दोबारा जीवित करेगी। हम चाहते हैं कि मेरठ की खाकी फिर से डर की नहीं, बल्कि सुरक्षा, न्याय और विश्वास की पहचान बने।

No comments:

Post a Comment