Wednesday, August 5, 2026

'आनंदी माँ - एक जीवन बचाओ अभियान' के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से संचालित "आनंदी माँ - एक जीवन बचाओ अभियान" के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र राणा एवं शोध निदेशक प्रो. बीरपाल सिंह विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे । महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने आशा कार्यकर्ताओं के समाज में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उन्हें जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय समाजहित में नियमित रूप से निःशुल्क एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर आयोजित कर रहा है तथा समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप भविष्य में इसकी पहुँच और व्यापक बनाई जाएगी। 


कार्यक्रम की मुख्य व्यक्ता डॉ अरुणा वर्मा ( हेड गायनेकोलॉजी) ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में अवगत कराया। प्रशिक्षण सत्र  डॉ. प्रतिष्ठा शर्मा एवं डॉ. सोनाली चौधरी ने आशा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित किया तथा उनके प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का व्यक्तिगत रूप से समाधान किया। विशेषज्ञों ने महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता, एचपीवी संक्रमण की रोकथाम तथा टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन एवं संचालन डॉ. वैशाली पाटिल, प्राचार्य- फार्मेसी  द्वारा किया गया।


कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के "कैंसर मुक्त भारत" के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर योगाचार्य अमरपाल, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, रीता रानी, डॉ. वर्षा, अंजू मलिक, राखी सिंह, अभिषेक, अर्चना सिंह सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे। फार्मेसी छात्रा अदिति, आस्था, अंजलि ने महत्वपूर्ण योगदान किया।

No comments:

Post a Comment