Monday, August 10, 2026

एसीपी ट्रैफिक ने प्रजेंटेशन के माध्यम से यातायात नियमों की दी जानकारी

नवीन मौर्य 

नित्य संदेश, इंदौर। स्कूली छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त  संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त  आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त,  राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में डेली मिरर हायर सेकेंडरी स्कूल में 6 से 12 वी के छात्र-छात्राओं एवं स्काउट-गाइड कैडेट्स के लिए विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुश्री सुप्रिया चौधरी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार यातायात व्यवहार तथा नियमों के पालन के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट-गाइड कैडेट्स द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट से हुई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया।

इसके पश्चात एसीपी सुश्री सुप्रिया चौधरी ने वीडियो एवं प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को ड्राइविंग लाइसेंस का महत्व, विभिन्न यातायात संकेत, रोड मार्किंग, ट्रैफिक लाइट्स, पैदल यात्री सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों की सरल एवं रोचक जानकारी दी। उन्होंने एक आदर्श चौराहे का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से सड़क पार करना, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करना तथा विभिन्न सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए निर्धारित नियमों को व्यवहारिक रूप से समझाया। इस प्रदर्शन ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों को सहज एवं प्रभावी ढंग से समझने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सही एवं प्रभावी उत्तर दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को यातायात अधिकारियों द्वारा प्रशंसा स्वरूप सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर प्रिंसिपल सुश्री निशा शर्मा, मनोज पंवार, लक्ष्मी नारायण यादव, स्काउटगाइड से तेज कुमार सिलावट उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने यातायात पुलिस द्वारा आयोजित इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं तथा भविष्य में भी विद्यालय इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करता रहेगा।

No comments:

Post a Comment