Monday, August 24, 2026

मेले में झूले में फंसे युवक के पैर, घायल - ऑपरेटर पर लापरवाही का आरोप, मुकदमा दर्ज



गुलाम नबी

नित्य संदेश, किठौर। कस्बे के गढ़-मेरठ मार्ग पर लगे नौचंदी मेले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। झूला ऑपरेटर की लापरवाही से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, पास के गांव नानपुर, थाना गढ़मुक्तेश्वर निवासी इरफान पुत्र नसीर ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसका भाई दिलशाद अपने दोस्तों के साथ मेले में आया था। वह ट्रेन वाले झूले में बैठ रहा था, तभी ऑपरेटर ने लापरवाही बरतते हुए झूला चला दिया। अचानक झूला चलने से दिलशाद के दोनों पैर झूले में फंस गए। शोर मचाने के बाद भी ऑपरेटर ने झूला नहीं रोका, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर किठौर सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment