नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने आज लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान राज्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सैनिक कल्याण, राजनैतिक पेंशन एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन लिया।
इस मुलाकात में मेरठ के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई:
1. इनर रिंग रोड की मांग: सोमेंद्र तोमर ने बताया कि दिल्ली-मेरठ साउथ के बीच रैपिड रेल (Namo Bharat) शुरू होने से यातायात पैटर्न बदला है। बिजली बंबा बाईपास एक अहम लिंक बन गया है, लेकिन जुर्रानपुर रेलवे फाटक मात्र 7 मीटर चौड़ा होने से वहां घंटों जाम लगता है। रिंग रोड न होने से भारी वाहन शहर के अंदर से गुजरते हैं, जिससे जाम और प्रदूषण बढ़ रहा है। इसलिए मेरठ में इनर रिंग रोड का निर्माण बेहद जरूरी है।
2. सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों को राहत: सेंट्रल मार्केट की व्यावसायिक गतिविधियों के नियमितीकरण के लिए विशेष राहत योजना स्वीकृत करने की मांग रखी गई।
3. अवैध निर्माण पर चर्चा: सेंटर फॉर लॉ एंड गुड गवर्नेंस द्वारा अवैध निर्माण को लेकर दिए गए सुझाव पत्र पर भी वार्ता हुई।
4. किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर: मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) की वेदव्यासपुरी, गंगानगर और लोहियानगर योजनाओं के प्रभावित किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर राशि दिए जाने की मांग की।
5. कैपिटल गेन नोटिस का मुद्दा: MDA द्वारा ग्राम कायस्थ गावड़ी, मोहिउद्दीनपुर, इकला और छज्जुपुर में अधिग्रहित भूमि के किसानों को आयकर विभाग से मिले कैपिटल गेन नोटिस के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
6. अन्य विकास कार्य: उत्तर प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप के कार्यों में तेजी लाने, और आवास विकास परिषद की प्रस्तावित टाउनशिप से जुड़े नरहाड़ा, जुर्रानपुर, गगोल, ततिना सहित 12 गांवों के सर्किल रेट में वृद्धि की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
No comments:
Post a Comment