Monday, August 24, 2026

राष्ट्रीय खेल दिवस पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में होगा ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ का आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा के संबंध में सोमवार को विश्वविद्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।


प्रेस वार्ता में दुष्यंत यादव ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से देशभर के विश्वविद्यालयों का दो श्रेणियों में चयन किया गया है, जिसमें ए कैटेगरी में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ का चयन हुआ है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का लाइव संबोधन प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही देश के प्रतिष्ठित खिलाड़ियों एवं खिलाड़ियों से संवाद का अवसर भी छात्र-छात्राओं को प्राप्त होगा। डॉक्टर दुष्यंत चौहान ने बताया कि यह आयोजन ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ के अंतर्गत किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश का मान बढ़ाने वाले विभिन्न मेडलिस्ट एवं प्रमुख स्पोर्ट्स प्लेयर शामिल होंगे, जिनसे विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं सीधे संवाद कर सकेंगे और खेल, उपलब्धियों तथा युवा प्रतिभाओं से जुड़े विषयों पर बातचीत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह आयोजन शासन, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


प्रेस वार्ता में स्कूल ऑफ तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, नेहरू युवा केंद्र से नरेंद्र त्यागी, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. दीपिका वर्मा, निधि शर्मा सहित विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने, देश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों से सीधे संवाद स्थापित करने तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

No comments:

Post a Comment