Saturday, August 8, 2026

फूलों की बारिश ने बढ़ाया शिवभक्तों में उत्साह

 


-कांवड़ यात्री बोले: योगी ने फूल नहीं, हम पर सम्मान बरसाया

लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। तपती सड़क, पैरों में छाले और सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा... भगवान शिव के प्रति आस्था में लीन कांवड़ियों के लिए शनिवार का दिन उस समय यादगार बन गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की धरती पर उनका पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। आसमान से बरसते फूलों को देखकर कांवड़िए भावविभोर हो उठे। किसी ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया तो किसी ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ खुशी जताई। हेलिकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने कांवड़ियों के उत्साह में जैसे नई ऊर्जा भर दी। जैसे ही हेलिकॉप्टर से फूलों की वर्षा शुरू हुई, सड़क पर चल रहे कांवड़ियों ने जयघोष करते हुए हाथ ऊपर उठा दिए। पूरा वातावरण शिवमय हो गया। कांवड़ियों के चेहरों पर थकान की जगह उत्साह और गर्व नजर आया।



हरिद्वार से गंगाजल लेकर फरीदाबार जा रहे शिवभक्त राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री का कांवड़ियों के बीच आकर उनका सम्मान करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा, ’’“योगी जी ने हम पर सिर्फ फूल नहीं बरसाए, हमारी आस्था, तपस्या और भक्ति का सम्मान किया है। यह पल जिंदगीभर याद रहेगा।”’’ दिल्ली निवासी रोहित ने बताया कि कई दिनों से पैदल चलने के कारण शरीर थक गया था। गर्मी और भीड़ के बीच यात्रा करना आसान नहीं है, लेकिन जब हेलिकॉप्टर से फूल बरसे और सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिखाई दिए तो सारी थकान जैसे गायब हो गई। 



शिवभक्तों ने कहा कि ’’“बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए निकले थे, मेरठ में योगी जी ने जिस तरह स्वागत किया, वह हमारे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं।”’’ गाजियाबाद के मुकुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह पूरी यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, उससे उन्हें महसूस होता है कि सरकार उनकी यात्रा को लेकर गंभीर है। शिवभक्तों ने कहा, ’’“मुख्यमंत्री खुद कांवड़ मार्ग का जायजा ले रहे हैं। हमारे ऊपर फूल बरसाकर उन्होंने यह संदेश दिया है कि कांवड़िया सरकार के लिए सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि भगवान शिव के भक्त और अतिथि हैं। सच में योगी जी ने दिल जीत लिया”



घर जाकर बताएंगे, मेरठ में हुआ भव्य स्वागत

दिल्ली निवासी अनुज ने कहा कि वे घर पहुंचकर मेरठ में हुए स्वागत की कहानी जरूर सुनाएंगे। शिवभक्तों ने कहा, ’’“हम तो गंगाजल लेकर अपने शहर जा रहे हैं, लेकिन मेरठ की यह याद भी अपने साथ लेकर जाएंगे। हेलिकॉप्टर से फूल बरसते देखना और मुख्यमंत्री को कांवड़ियों का स्वागत करते देखना कभी नहीं भूलेंगे।”’’ बुलंदशहर से कांवड़ लेकर पहुंचीं लक्ष्मी ने पुष्पवर्षा को बेहद भावुक कर देने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था लेकर निकले शिवभक्तों पर फूल बरसते देख मन प्रसन्न हो गया। मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए खुशी और गर्व का विषय है।



विजया और जयंती भी हुईं भावुक

हापुड़ से आईं विजया और जयंती ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के साथ ऐसा सम्मान मिलना बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान खासकर महिला कांवड़ियों के लिए बहुत अच्छी सुविधाएं प्रदान की गईं हैं। दोनों ने कहा कि मेरठ में मिला यह स्वागत उनकी यादों में हमेशा बना रहेगा।

No comments:

Post a Comment