नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने मेरठ में भ्रमण किया।
अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी एवं अन्य पुलिस बल के साथ थाना सदर बाजार क्षेत्रान्तर्गत स्थित ऐतिहासिक श्री बाबा औघड़नाथ मन्दिर पहुंचे। यहां अधिकारियों ने मंदिर में जलाभिषेक किया और श्री राधाकृष्ण जी के दर्शन किये। इसके पश्चात मंदिर परिसर में बने CCTV कंट्रोल रूम, मंदिर परिसर तथा बाहर के क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा में लगे पुलिस बल को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
तत्पश्चात एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर द्वारा अन्य पुलिस बल के साथ जनपद मेरठ के थाना सरूरपुर क्षेत्रान्तर्गत पुरा महादेव कांवड़ मार्ग स्थित टूटी पुलिया डाहर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर मौजूद शिवभक्तों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनी और समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।
एडीजी द्वारा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ कर कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सर्व सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
No comments:
Post a Comment