Sunday, August 9, 2026

भाजपा इंदौर संभाग की बैठक सम्पन्न


• संगठन विस्तार के साथ समाज की हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता में होना चाहिए - बी.एल. संतोष 


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। भाजपा कार्यालय पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा की उपस्थिति में इंदौर संभाग की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। 


बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल संतोष जी ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर चरेवैति के सिद्धांतों का पालन करने वाला संगठन है। हम और हमारे जनप्रतिनिधि लगातार संगठन के लिए कार्य करते रहते हैं, हमारे पूर्वजों ने लगातार प्रवास कर संगठन को सशक्त किया आज दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक संगठन के रूप में गढ़ने में अहम भूमिका निभाई लेकिन हम दायित्ववान कार्यकर्ता हैं इसलिए जब प्रवास करे तो संगठन विस्तार का भाव तो मन में हो लेकिन उस प्रवास से समाज की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास हमारी प्राथमिकता में होना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सर्व समाज, सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिए कल्याणकारी योजनाएं है, कार्यकर्ता उन योजनाओं का अध्ययन करें, प्रवास करेंगे तो निश्चित रूप से जिन लोगों को योजनाओं का लाभ मिला है, वह भी संपर्क में आयेंगे और जो पात्र लोग हैं वह भी संपर्क में आयेंगे, पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़कर संगठन का विस्तार करे। अपने दायित्व को समझकर हम अपने कार्यो से किस प्रकार संगठन का विस्तार कर सकते हैं, यह एक अच्छे कार्यकर्ता की निशानी होती है। 


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार 4 वर्गों को सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है। कार्यकर्ता 4 वर्गों गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं से संवाद स्थापित कर संगठन से जोड़ने का काम करे। कार्यकर्ताओं का फोकस 18 वर्ष से 25 वर्ष तक के युवाओं को जोड़ने का हो। 

संभाग की बैठक के प्रारंभ में इंदौर संभाग के प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीरसिंह रावत ने भूमिका रखी, अतिथियों का स्वागत भाजपा नगर सुमित मिश्रा एवं जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा ने किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत खरे, किसान मोर्चा के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा सहित इंदौर संभाग के विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष महामंत्री, सभी मोर्चा के अध्यक्ष उपस्थित थे। 


भाजपा पार्षद दल की बैठक सम्पन्न 

संभाग की बैठक k के पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने इंदौर नगर निगम भाजपा पार्षद दल की बैठक में मार्गदर्शन दिया। 

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं इंदौर संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सभापति मुन्नालाल यादव, सचेतक कमल वाघेला सहित एमआईसी सदस्य एवं पार्षद उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment