Friday, August 21, 2026

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भारत के पहले नमो भारत कॉरिडोर का दौरा किया

नित्य संदेश ब्यूरो 
नई दिल्ली। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के माननीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने आज दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था का अनुभव लिया और यात्रियों की सुविधाओं, विभिन्न परिवहन साधनों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की समीक्षा की।

यह दौरा सराय काले खां नमो भारत स्टेशन से शुरू हुआ, जहां माननीय मंत्री का स्वागत एनसीआरटीसी के डायरेक्टर (वर्क्स) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने किया। इसके बाद उन्हें 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर, इसकी एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, स्टेशन की सुविधाओं, टिकटिंग के विभिन्न माध्यमों और इंटरऑपरेबिलिटी मॉडल के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें इस स्टेशन पर अलग-अलग पब्लिक ट्रांसपोर्ट साधनों के साथ हो रहे मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन के बारे में भी बताया गया। साथ ही, सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज (FoB) की जानकारी भी दी गई। इस फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों की आसान आवाजाही और दोनों स्टेशनों के बीच सुविधाजनक इंटरचेंज के लिए ट्रैवलेटर की सुविधा भी उपलब्ध है। 
मंत्री ने भारत की पहली नमो भारत ट्रेन द्वारा सराय काले खां से मुरादनगर के बीच यात्रा की। इस दौरान एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यह कॉरिडोर रीजनल मोबिलिटी से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने, ट्रैफिक जाम और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने तथा लोगों को सस्टनेबल सार्वजनिक परिवहन के चयन के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यात्रा के दौरान उन्होंने ट्रेन में यात्रियों को ध्यान में रखकर दी गई आधुनिक सुविधाओं का अनुभव लिया और यात्रियों से बातचीत भी की। इनमें कॉलेज के छात्र भी शामिल थे, जिन्होंने बताया कि नमो भारत ट्रेन से उनका रोज़ाना का सफर आसान और तेज़ हो गया है, साथ ही यात्रा के समय में भी काफी बचत हो रही है। उन्होंने भविष्य में विकसित होने वाले नमो भारत कॉरिडोर को लेकर भी रुचि दिखाई। इस दौरान उन्होंने मौजूदा कॉरिडोर को उत्तराखंड के ऋषिकेश तक विस्तार देने की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी ली।

श्री टम्टा ने गाजियाबाद के दुहाई में स्थित एनसीआरटीसी डिपो का भी दौरा किया और पौधारोपण भी किया। उन्हें डिपो की मेंटेनेंस सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई, जहां नमो भारत ट्रेनों का रखरखाव, निरीक्षण, टेस्टिंग और मेंटेनेंस किया जाता है। उन्हें कॉरिडोर के सुरक्षित और भरोसेमंद संचालन को सुनिश्चित करने में मदद करने वाले विभिन्न सिस्टम और प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

श्री टम्टा ने ट्रेन ड्राइविंग सिम्युलेटर का भी दौरा किया, जहां उन्हें एडवांस्ड सिमुलेशन आधारित ट्रेनिंग सुविधाओं का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद उन्होंने एनसीआरटीसी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ‘अपरिमित’ का दौरा किया। यहां उन्होंने ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), वर्चुअल रियलिटी (VR) और सिम्युलेटर जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल देखा। उन्होंने नमो भारत स्टेशन का वर्चुअल वॉकथ्रू भी किया और ट्रेनिंग, ऑपरेशनल एफिशिएंसी तथा रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) के लिए इस्तेमाल की जा रही अन्य एडवांस्ड डिजिटल टेक्नोलॉजी की जानकारी ली।
अपनी यात्रा के दौरान श्री टम्टा ने यात्रियों की सुविधा, बेहतर पहुंच और एक समावेशी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने में एनसीआरटीसी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने नमो भारत सिस्टम में यात्रियों की सुविधा के लिए शामिल की गई विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं को देखा और इस बात की भी सराहना की कि यह सिस्टम हर दिन एक लाख से अधिक यात्रियों के सफर को आसान और बेहतर बना रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम न सिर्फ कनेक्टिविटी को बेहतर बना रहा है, बल्कि दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच लोगों की तेज और सुविधाजनक आवाजाही को आसान बनाकर क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री ने पूरे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया, जो देश के शहरी यातायात सिस्टम में एक नए और महत्वपूर्ण बदलाव की शुरुआत है। पूरा कॉरिडोर एक बेहतर और एकीकृत रीजनल ट्रांसपोर्ट नेटवर्क के विकास में योगदान दे रहा है और दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आसान व तीव्र आवाजाही को सुविधाजनक बना रहा है।

No comments:

Post a Comment