Monday, August 3, 2026

श्रावण मास सनातन की आत्मा और राष्ट्रचेतना का महापर्व: विनीत अग्रवाल शारदा

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। धर्म रक्षा सेवा समिति एवं श्री बाबा झारखंडी महादेव मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर भव्य रुद्राभिषेक, श्रावण महोत्सव, भजन संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया तथा प्रदेश, राष्ट्र और विश्व के कल्याण की कामना की। अपने संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, उसकी सांस्कृतिक चेतना और गौरवशाली परंपरा है। यह विश्व मानवता को मार्गदर्शन देने वाला शाश्वत जीवन-दर्शन है।

उन्होंने कहा कि श्रावण मास आत्मशुद्धि, तप, संयम, सेवा और लोककल्याण का पावन पर्व है, जबकि कांवड़ यात्रा करोड़ों शिवभक्तों की अनुशासित आस्था, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का अद्वितीय प्रतीक है। हजारों वर्षों के संघर्षों के बावजूद सनातन धर्म आज भी विश्व को सत्य, करुणा और 'वसुधैव कुटुम्बकम्' का संदेश दे रहा है।

श्री शारदा ने कहा कि प्रत्येक सनातनी का दायित्व है कि वह अपनी संस्कृति, संस्कारों, मंदिरों और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए कार्य करे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिला रहा है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थलों का विकास और आध्यात्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा मिली है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सनातन के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्रहित और समाजसेवा को अपना जीवनधर्म बनाएं। इस दौरान धर्म रक्षा सेवा समिति द्वारा विनीत अग्रवाल शारदा को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए श्री शारदा ने कहा कि यह सम्मान समाज, संस्कृति और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पित प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है।

कार्यक्रम में धर्म रक्षा सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष सुनील दत्त शर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, कोमल वर्मा, डॉ. सुबोध गर्ग, अनिल गुप्ता, इंजीनियर बालकृष्ण त्यागी, अजय गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन हर-हर महादेव और जय सनातन धर्म के उद्घोष के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment