Friday, August 21, 2026

एसएसपी कार्यालय में मारपीट का आरोप, मानवाधिकार आयोग से शिकायत

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने मेरठ पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।


आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति वी. रामासुब्रमण्यन को भेजी शिकायत में रविकांत ने आरोप लगाया है कि 19 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे किसान नेता दिग्विजय भाटी निवासी हसनपुर अमरोहा व मोहित जाटव निवासी किनानगर भावनपुर अपनी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय गए थे, जहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। शिकायत में कहा गया है कि एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे व अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। दिग्विजय भाटी ने आंख में चोट लगने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि इससे पहले 8 जुलाई को भी इसी तरह की घटना हुई थी।


रविकांत ने आयोग से मांग की है कि मामले की जांच डीजी इन्वेस्टिगेशन की अध्यक्षता में विशेष जांच दल से कराई जाए। शिकायत की प्रति राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी भेजी गई है। उक्त सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

No comments:

Post a Comment