-पहली बार एक जनपद-एक व्यंजन के तहत फूड कोर्ट में मेरठ की दस्तक, ओडीओसी के तहत तीन फर्मों का चयन
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। खेल उपकरण और इतिहास में अपनी विशेष पहचान रखने वाला मेरठ योगी सरकार के विशेष प्रयासों से अपने व्यंजनों की मिठास देश-दुनिया तक पहुंचाएगा। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में इस बार मेरठ की नानखटाई, रेवड़ी और गजक अपनी खुशबू और स्वाद से लोगों को आकर्षित करेंगी।
इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहली बार एक जनपद एक व्यंजन के लिए विशेष फूड कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं, जहां प्रदेश के जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को बड़े मंच पर पहचान दिलाई जाएगी। मेरठ से इस आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए ओडीओसी योजना के तहत तीन फर्मों का चयन किया गया है। इनमें एमएच स्वीट सेंटर से हाशिम, स्वीट शॉप से सद्दाम और रेवड़ी-गजक के लिए प्रसिद्ध यामीन शामिल हैं। तीनों उद्यमी मेरठ के पारंपरिक स्वाद को लेकर ट्रेड शो में पहुंचेंगे और देश तथा विदेश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले कारोबारियों, खरीदारों और विदेशी प्रतिनिधियों को मेरठ की मिठास से रूबरू कराएंगे। मेरठ की नानखटाई का अपना अलग स्वाद है तो रेवड़ी और गजक की मिठास की पहचान दूर-दूर तक है। पीढ़ियों से चले आ रहे इन पारंपरिक उत्पादों को अब स्थानीय बाजार से निकालकर बड़े व्यापारिक मंच पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि ट्रेड शो में आने वाले खरीदार इन उत्पादों का जायका लेकर स्थानीय उद्यमियों के लिए नए बाजार तैयार करें। यहां उद्यमियों को कारोबारी संपर्क बनाने का मौका भी मिलेगा।
योगी सरकार की पहल से स्थानीय स्वाद को वैश्विक मंच
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से एक जनपद एक उत्पाद और एक जनपद एक व्यंजन जैसी पहल के जरिए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हुनर को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो इसी प्रयास का बड़ा मंच बनकर उभरा है। पहली बार एक जनपद एक व्यंजन के लिए अलग फूड कोर्ट बनाए जाने से प्रदेश के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त उद्योग ने ये कहा
उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडे ने बताया कि मेरठ से ओडीओसी योजना के अंतर्गत तीन फर्मों का चयन किया गया है। चयनित उद्यमियों को ट्रेड शो में निःशुल्क स्टाल उपलब्ध कराया जाएगा। यहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध कराने के साथ उद्यमियों को बड़े व्यापारिक अवसरों से जोड़ना है।
No comments:
Post a Comment