Thursday, August 20, 2026

मेरठ में शिवसेना (यूबीटी) जिला प्रमुख नजरबंद, हरिहर मंदिर में जलाभिषेक को लेकर हंगामा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। संभल स्थित हरिहर मंदिर में जलाभिषेक की घोषणा के बाद मेरठ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिवसेना उद्धव बाला साहेब ठाकरे (यूबीटी) के जिला प्रमुख संदीप गर्ग को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को दर्जनों की संख्या में शिव सैनिक फूलबाग कॉलोनी स्थित जिला प्रमुख संदीप गर्ग के निवास पर एकत्रित हुए थे। कार्यकर्ता वहां से संभल स्थित हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना होने वाले थे। इसी दौरान थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जिला प्रमुख सहित सभी कार्यकर्ताओं को घर पर ही रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर शिव सैनिकों में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब कोर्ट ने उस स्थल को विवादित माना है तो वहां नमाज क्यों हो रही है? और यदि वहां नमाज हो सकती है तो हिंदुओं को जलाभिषेक क्यों नहीं करने दिया जा रहा है? नजरबंद किए गए लोगों में महानगर प्रमुख मोहित त्यागी, युवा सेना जिलाध्यक्ष अवनीश आर्य, महानगर अध्यक्ष सनी प्रधान, जिला मीडिया प्रभारी कमल प्रजापति, प्रतीक कपूर, जसवीर सिंह, सचिन चौधरी, कुंदन, पीयूष कश्यप, विशन सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस जिला प्रमुख के आवास के बाहर तैनात है।

No comments:

Post a Comment