Friday, August 14, 2026

डेरा सच्चा सौदा अनुयायियों ने लगाया एक हजार पौधों का उपवन

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुरुजी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में डेरा सच्चा सौदा की मेरठ साध-संगत द्वारा एक दिन पूर्व विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोक भारती एवं हरितिमा के सहयोग से इकोलॉजिकल पार्क के समीप लगभग एक हजार फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर एक उपवन तैयार किया गया।


मेरठ की साध-संगत ने इस पौधारोपण को अपने गुरुजी के जन्मदिन के उपहार के रूप में समर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से गुरुजी द्वारा चलाई जा रही फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाने की मुहिम को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. सुमित उपाध्याय रहे। उन्होंने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पौधे लगाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहला कदम है, जबकि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, छाया, फल और बेहतर पर्यावरण प्रदान करेगा। उन्होंने डेरा सच्चा सौदा की इस मुहिम की सराहना की।


इस अवसर पर उपस्थित साध-संगत एवं पर्यावरण प्रेमियों ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सुमित उपाध्याय के साथ डॉ. सत्येंद्र, प्रमोद, मुकेश, सतीश, ओम प्रकाश, रविन्द्र, विमल, हरबीर, अमित सहित बड़ी संख्या में सेवादार एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment