Thursday, August 20, 2026

सीसीएसयू में एलएलएम एवं एमएड प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय द्वारा गुरुवार को एलएलएम एवं एमएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। परीक्षा के लिए मेरठ में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें एनएएस डिग्री कॉलेज, मेरठ कॉलेज, आरजी पीजी कॉलेज तथा काशीराम शोधपीठ, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय शामिल रहे।


प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित एलएलएम प्रवेश परीक्षा में कुल 4002 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 3042 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 960 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी क्रम में दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक एमएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। एमएड परीक्षा के लिए कुल 2386 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1507 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 679 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने सभी चारों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, परीक्षा संचालन एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। 


निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारु एवं संतोषजनक पाई गईं। कुलपति ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर कुलसचिव प्रोफेसर भूपेंद्र सिंह, प्रोफेसर बीरपाल सिंह, प्रोफेसर अतवीर सिंह, प्रोफेसर शीलेन्द्र शर्मा, प्रोफेसर प्रदीप चौधरी, प्रोफेसर दुष्यंत चौहान सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment