Sunday, August 30, 2026

मुठभेड़ के बाद 3 गौ-तस्कर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली


चमड़ा पैठ में गौकशी का खुलासा, अवैध असलहा और चोरी की बाइक बरामद

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस ने गौकशी की बड़ी घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को थाना प्रभारी लोहियानगर सुमित तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम नरहेड़ा मुखिया चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अखलाक (52) निवासी पुरानी तहसील कोतवाली और आसिफ (40) निवासी चमड़ा पैठ जाकिर कॉलोनी के पैर में गोली लगी। तीसरे साथी हामिद (45) निवासी छत्ता बाजार कोतवाली को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
चमड़ा पैठ की डेरी में कर रहे थे गौकशी
पुलिस को सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि अय्यूब चक्की वाली गली में अखलाक की डेरी के अंदर गौवध किया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में गौवंश के अवशेष मिले थे, जिस पर थाना लोहियानगर में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा संख्या 561/26 दर्ज किया गया था। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने कबूल किया कि उन्होंने आज सुबह ही डेरी में एक गाय का वध किया था और उसका मीट बेचकर पैसा कमाते हैं। उनका एक साथी शाहरुख पुत्र जामू निवासी चमड़ा पैठ फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
ये हुई बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 2 तमंचे 315 बोर, 2 जिंदा व 2 खोखा कारतूस, गौकशी के उपकरण (चाकू, दाब, लकड़ी का गुटका) और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल UP15 EK 2857 बरामद की है। बाइक थाना लिसाड़ीगेट से चोरी की है, जिस पर मुकदमा संख्या 103/26 दर्ज है।

घायलों के विरुद्ध थाना लोहियानगर में हत्या के प्रयास व आयुध अधिनियम में नया मुकदमा संख्या 563/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment