Monday, August 24, 2026

रक्षाबंधन पर 3500 पुलिसकर्मी तैनात, 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय

 


-28 अगस्त को मनाया जाएगा पर्व, रेंज में पुलिस ने किए व्यापक सुरक्षा प्रबंध

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी के निर्देशन में परिक्षेत्र के चारों जनपदों मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में 3500 पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।


पुलिस के अनुसार, रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दौरान महिलाओं के आवागमन के चलते बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाईवे पर भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था के लिए 05 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 सीओ, 80 निरीक्षक, 600 उपनिरीक्षक, 1005 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी, 380 होमगार्ड/पीआरडी जवान और पीएसी की 01 कंपनी तैनात की गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कुल 83 एन्टी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय किए गए हैं। इसमें मेरठ में 32, बुलंदशहर में 28, बागपत में 12 और हापुड़ में 11 स्क्वॉड शामिल हैं। परिक्षेत्र में कुल 10 मेले प्रस्तावित हैं, जिनमें मेरठ में 5 और हापुड़ में 5 मेले लगेंगे। त्योहार से पहले ही पुलिस ने 90 पीस कमेटी/धर्मगुरुओं व संभ्रांत व्यक्तियों के साथ तथा 80 अन्य विभागों के साथ गोष्ठियां कर ली हैं।


डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश -

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि बाजारों में देर रात तक भीड़ को देखते हुए चेन स्नैचिंग, लूट और छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाईवे पर सादे कपड़ों में महिला पुलिस व एन्टी रोमियो टीम तैनात रहेगी। गुंडा दमन दल को सक्रिय कर जेबकतरों और मनचलों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


सोशल मीडिया सेल को अलर्ट पर रखा

यूपी-112 की पीआरवी, अभिसूचना तंत्र और सोशल मीडिया सेल को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी अफवाह पर तत्काल कार्रवाई और खंडन किया जा सके। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस पिकेट लगाई जाएगी और संदिग्ध वाहनों व लावारिस वस्तुओं की एन्टी सबोटाज टीम से चेकिंग कराई जाएगी।

No comments:

Post a Comment