Wednesday, August 26, 2026

अनाधिकृत ई-रिक्शा विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई, दो दुकानें बंद, 2 लाख का जुर्माना

यातायात पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम का अभियान, बेगमपुल पर सघन चेकिंग में आधा दर्जन चालान, एक वाहन सीज

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आज पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस और एआरटीओ मेरठ की संयुक्त टीम ने बड़ा अभियान चलाया। टीम ने एल-ब्लॉक चौराहे से हापुड़ अड्डा होते हुए बेगमपुल तक सघन चेकिंग की।

अभियान के दौरान टीम ने ई-रिक्शा विक्रेताओं के CIRT प्रमाणपत्र, टेस्टिंग प्रमाणपत्र और बिक्री से संबंधित वैधानिक दस्तावेजों की जांच की। जांच में एल-ब्लॉक, हापुड़ रोड पर संचालित दो दुकानें - "पार्टनरशिप ई-रिक्शा" और "VNR DEWAN" अनाधिकृत रूप से संचालित होती मिलीं। दोनों दुकानों को मौके पर ही बंद कराया गया और दोनों विक्रेताओं को एक-एक लाख रुपये यानी कुल 2 लाख रुपये के जुर्माने का नोटिस दिया गया। इसके साथ ही एल-ब्लॉक चौराहे से हापुड़ अड्डा तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया।

अभियान के अंतिम चरण में बेगमपुल चौराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आधा दर्जन वाहनों के चालान किए गए। ड्रिंक एंड ड्राइव के एक मामले में एक वाहन को सीज भी किया गया। इस दौरान वाहन चालकों को नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।

No comments:

Post a Comment